संभव है कि होम पेज खोलने पर इस ब्लॉग में किसी किसी पोस्ट में आपको प्लेयर नहीं दिखे, आप पोस्ट के शीर्षक पर क्लिक करें, अब आपको प्लेयर भी दिखने लगेगा, धन्यवाद।
हिन्दी फिल्मों के सबसे सफल और सबसे मधुर संगीत देने वाले संगीतकारों में से एक नौशाद साहब के बारे में बहुत लिखा-पढ़ा-सुना जा चुका; लेकिन उनके शुरुआती संगीतबद्ध गीतों में से बहुत से अब भी उनके चाहकों के लिए अनसुने होंगे।
इस श्रेणी का एक मस्तीभरा गीत सुनिए। यह गीत कोरस गीत है इसलिए इसे किस गायक ने गाया है इसकी जानकारी नहीं मिलती।
इस गीत में कलाकार भाभीजी के आने की खुशी में झूमते हुए पेठा- पतीसा-मखाने-जलेबियाँ मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।
आईये सुनते हैं।
यह गीत फिल्म नई दुनिया 1942 का है और इसी फिल्म से हिन्दी फिल्म जगत को (बेबी) सुरैया जैसी गायिका मिली जो बाद में बड़ी अभिनेत्री-गायिका बनीं। सुरैया ने इसमें पह्ली बार "बूट करूँ में पालिश ओ बाबूजी" गीत गाया। हालांकि इसी वर्ष (1942) की एक और फिल्म ’शारदा"; नई दुनिया से पहले रिलीज हुई थी इसलिए कई फिल्म इतिहासकार शारदा के गीत "पंछी जा पीछे रहा बचपन मेरा" को पहला गीत मानते हैं।
बोलो छूम छ न न न न न छई - 2
छ छ छई छ छ छई छ छ छई- 2
छई
हमें भाभी जी आ को मिल गई छ छ छई-2
बोलो छूम छ न न न न न छई -2
अब आएगी रोज़ मिठाई रे सजनवा
आएगी रोज़ मिठाई
हम खाएँगे प्रेम से भाई -2
कहो मैंने ये कैसी बात कही-2
ओ बोलो
छूम छ न न न न न छई -2
छई
हमें भाभी जी आ को मिल गई छ छ छई
बोलो छूम छ न न न न न छई
भाभी अपनी छे सुंदर नारी जी वाह वाह
अपनी छे सुंदर नारी
तेरी सूरत छे घणी प्यारी -2
त त थई त त थई त त त त त त थई -2
बोलो छूम छ न न न न न छई
छ छ छई छ छ छई छ छ छई- छई हमें भाभी जी आ को मिल गई छ छ छई
बोलो छूम छ न न न न न छई
जब पेठा पतीसे आएंगा
ओ डीयर जब पेठा पतीसे आएंगा
वैल हम भी तो खूब खाएंगा- 2
हा ह ह हा ह ह ह ह ह हई -2
बोलो छूम छ न न न न न छई
छ छ छई छ छ छई छ छ छई- छई
हमें भाभी जी आ को मिल गई छ छ छई
बोलो छूम छ न न न न न छई
गरमा गरम जलेबियाँ मखाने नि जे बिंदिए
गरम जलेबियाँ मखाने
असी खवांगे हूण रब्ब जाने -2
अग्गे मिल्दी सी सानु रोटी बई -2
बोलो छूम छ न न न न न छई
छ छ छई छ छ छई छ छ छई-छई
हमें भाभी जी आ को मिल गई छ छ छई
बोलो छूम छ न न न न न छई
आ भाई अच्छा अच्छा है ये मेरा बाणी बखाना
भाई अच्छा अच्छा है ये मेरा बाणी
भाभी मिला है अति लासानी -2
पुईओ पुईओ , खाना पुईओ
खाना पुईओ, खाना पुई
पुईओ पुईओ, खाना पुईओ
खाना पुईओ, खाना पुई
बोलो छूम छ न न न न न छई
छ छ छई छ छ छई छ छ छई-छई
हमें भाभी जी आ को मिल गई छ छ छई -2
बोलो छूम छ न न न न न छई-2
कई बार मैं सोचता हूँ कि अगर कि कि फंला गीत को फलां गायक के बजाए फंला गायक/ गायिका ने गाया होता तो? इसी पर शोध करते हुए और युट्यूब पर सर्फिंग करते हुए मुझे कई बार कमाल की चीजें मिल जाती है। कई ऐसे गाने मिले हैं जो प्रसिद्ध हुए किसी और गायक के गाने पर लेकिन उनका दूसरा वर्जन भी बहुत सुन्दर है। आझ मैं आपको सुना रहा हूँ फिल्म दिल्लगी (Dillagi- 1949) का गीत " मैं तेरा चाँद तू मेरी चाँदनी" दो अलग-अलग गायिकाओं की आवाज में आपने यह गीत श्याम और सुरैया की आवाज़ में सुना है लेकिन आज सुनिए अभिनेत्री श्यामा पर फिल्माया हुआ दूसरा वर्जन श्याम और गीता रॉय की आवाज में। चूँकि यह गीत रिकॉर्ड में नहीं है सो बहुत कम ही सुनाई देता है।
पहला वर्जन श्याम और सुरैयादूसरा वर्जन गीता रॉय और श्याम Download Link
एक और गीत- रफी साहब और हबीब वली मोहम्मद साहब आवाजों में
पिछली पोस्ट में आपने हबीब वली मोहम्म्द की आवाज में एक सुन्दर गज़ल शमशीर बरहना माँग गज़ब सुनी। चलिए आज आपको आज एक और सुन्दर गीत सुनाते हैं। आज आपके लिए एक प्रश्न है कि आप इन दोनों गीतों को सुनकर दिल से और बिना पक्षपात किए :) बताइये कि आपको कौनसी आवाज में गीत ज्यादा अच्छा लगा? भई मुझे तो हबीब वली मोहम्मद حبیب ولی محمد की आवाज यहाँ रफी साहब से इक्कीस लगी। मुझे यह समझ में नहीं आता कि जब यह गीत वली साहब की आवाज में भी इतना अच्छा बना है तो फिर फिल्म में रफी साहब की आवाज में ही क्यों रखा गया! यह गीत फिल्म दीवाना (Deewana 1952) का है। इस फिल्म के संगीतकार हैं नौशाद साहब और गीतकार हैं शकील बूँदायूनी। आपको याद होगा इस फिल्म में एक और भी बढ़िया गीत है - तीर खाते जायेंगे, आँसू बहाते जायेंगे, जिन्दगी भर अपनी किस्मत आजमाते जायेंगेऽऽऽऽ यह लता जी की आवाज में है। खैर ... गीत सुनते हैं। पहले मोहम्म्द रफी साहब की आवाज में....
तसवीर बनाता हूँ तेरी ख़ून-ए-जिगर से-2 देखा है तुझे मैं ने मुहब्बत की नज़र से अरे, मुहब्बत की नज़र से
जितने भी मिले रंग वो सभी भर दिये तुझ में हाय, भर दिये तुझ में इक रंग-ए-वफ़ा और है, लाऊँ वो किधर से अरे लाऊँ वो किधर से तसवीर बनाता हूँ तेरी...
सावन तेरी ज़ुल्फ़ों से घटा माँग के लाया हाय, माँग के लाया बिजली ने चुराई है तड़प तेरी नज़र से अरे, तड़प तेरी नज़र से तसवीर बनाता हूँ तेरी
मैं दिल में बिठा कर तुझे रुख़्सत न करूँगा हाय, रुख़्सत न करूँगा मुश्किल है तेरा लौट के जाना मेरे घर से अरे जाना मेरे घर से तसवीर बनाता हूँ तेरी
हिन्दी फ़िल्मों ने हमें हजारों मधुर गीत दिये हैं जिन्हें सुन-सुनकर हम बड़े हुए, इन्होंने हमारी भावनाओं पर राज किया है। हर मौके, माहौल और त्यौहार के लिये हमारी फ़िल्मों में गीत उपलब्ध हैं। इधर पिछले कुछ वर्षों में देखने में आया है कि हमारी फ़िल्मों से “गाँव” नाम की अवधारणा गायब होती जा रही है। गाँव की “थीम” या “स्टोरी” पर आधारित फ़िल्में मल्टीप्लेक्स के कारण कम होते-होते लगभग लुप्त ही हो गई है। फ़िल्म निर्माता और निर्देशक भी फ़िल्म की लागत तत्काल वसूलने और भरपूर मुनाफ़ा कमाने के चक्कर में फ़िल्मों में गाँवों को पूरी तरह से नकारते जा रहे हैं। फ़िल्मों में गाँवों को दर्शाया भी जाता है तो बेहद “डिजाइनर” तरीके से और कई बार भौण्डे तरीके से भी। इस बात पर लम्बी बहस की जा सकती है कि फ़िल्मों का असर समाज पर पड़ता है या समाज का असर फ़िल्मों पर, क्योंकि एक तरफ़ जहाँ वास्तविकता में भी अब आज के गाँव वे पुराने जमाने के गाँव नहीं रहे, जहाँ लोग निश्छल भाव रखते थे, भोले-भाले और सीधे-सादे होते थे। “पंचायती राज की एक प्रमुख देन” के रूप में अब आधुनिक जमाने के गाँव और गाँव के लोग विद्वेष, झगड़े, राजनीति और जातिवाद से पूरी तरह से ग्रसित हो चुके हैं। वहीं दूसरी तरफ़ कुछ “आधुनिक” कहे जाने वाले फ़िल्मकारों की मानसिकता के कारण ऐसी फ़िल्में बन रही हैं जिनमें भारत या भारत का समाज कहीं दिखाई नहीं देता। कोई बता सकता है कि “धूल का फ़ूल” के समय अथवा “दाग” फ़िल्म के समय तक भी “बिनब्याही माँ” की अवधारणा समाज में कितनी आ पाई थी? लेकिन उस वक्त उसे फ़िल्मों में दिखाकर समाज में एक “ट्रेण्ड” बनाया गया, ठीक वही मानसिकता आज “दोस्ताना” नाम की फ़िल्म में भी दिखाई देती है, कोई बता सकता है कि भारत जैसे समाज में “समलैंगिकता” अभी किस स्तर पर है? लेकिन “आधुनिकता”(?) के नाम पर यह अत्याचार भी सरेआम किया जा रहा है। जबकि असल में समलैंगिकता या तो एक “मानसिक बीमारी” है या फ़िर “नपुंसकता का ही एक रूप”। बहरहाल विषयान्तर न हो इसलिये “सिनेमा का असर समाज पर या समाज का असर फ़िल्मों पर” वाली बहस फ़िर कभी…
कई पुरानी फ़िल्मों में गाँव की मिट्टी की सौंधी खुशबू वाले बहुत सारे गीत पेश किये गये हैं, जिनमें गाँव के स्थानीय भाषाई शब्द बहुतायत से तो मिलते ही हैं, उनका फ़िल्मांकन भी ठेठ देसी अन्दाज में और विश्वसनीय लगने वाले तरीके से किया गया है। ऐसे की कुछेक गीत इस श्रृंखला में पेश करने का इरादा है, सौंधी मिट्टी की खुशबू वाले मेरे पसन्दीदा गीतों में सबसे पहला है फ़िल्म मदर इंडिया का गीत “गाड़ी वाले गाड़ी धीरे हाँक रे…”। यह गीत फ़िल्म मदर इंडिया (1957) में सुनील दत्त पर फ़िल्माया गया है, गाया है मोहम्मद रफ़ी और शमशाद बेगम ने, लिखा है शकील बदायूंनी ने और ठेठ देसी संगीत दिया है नौशाद ने। पहले यह गीत सुनिये और देखिये, फ़िर इस पर बात करते हैं-
उल्लेखनीय है कि यह गीत भारतीय फ़िल्म इतिहास की सबसे महान फ़िल्म कही जाने वाली कालजयी “मदर इंडिया” का है, जिसके निर्देशक थे महबूब खान। कहा जाता है कि महबूब खान एकदम अनपढ़ थे और अक्सर बीड़ी पीते हुए सेट पर काम करने वालों से “तू-तड़ाक” की आम बोलचाल वाली भाषा में बात किया करते थे। लेकिन एक फ़िल्मकार के तौर पर उनका ज्ञान बहुत से पढ़े-लिखों से कहीं ज्यादा था। इस गीत को भी उन्होंने ठेठ गंवई अन्दाज में फ़िल्माया है। बैलगाड़ी की दौड़ अब धीरे-धीरे भारत में एक दुर्लभ दृश्य बन चुका है। मुझे नहीं पता कि कितने पाठकों ने बैलगाड़ी की सवारी का अनुभव लिया है, लेकिन जो व्यक्ति बैलगाड़ी या तांगे की सवारी कर चुका हो, उसे यह गीत बेहद “नॉस्टैल्जिक” लगता है। गीत में सुनील दत्त, हीरोईन (शायद यह मधुबाला की बहन हैं) से छेड़छाड़ करते दिखाया गया है, साथ में बैलगाड़ी की दौड़ भी चलती रहती है। उड़ती हुई धूल, पात्रों की ग्रामीण वेशभूषा, गीत के बोलों का सरलता लिये हुए प्रवाह और नौशाद की मस्ती भरी धुन, सब मिलकर एक समाँ बाँध देते हैं। महबूब और नौशाद की जोड़ी ने यादगार संगीत वाली फ़िल्में दीं, जैसे अनमोल घड़ी, अन्दाज़, आन और अमर। इस फ़िल्म के एक और गीत “दुनिया में हम आये हैं तो जीना ही पड़ेगा, जीवन है अगर जहर तो पीना ही पड़ेगा…” को नौशाद पहले शमशाद बेगम से ही गवाना चाहते थे, लेकिन अन्ततः शकील की मध्यस्थता से लता मंगेशकर से यह गवाया गया। गीत में गँवई शब्दों का बेहतरीन उपयोग किया गया है और चित्रांकन तथा फ़िल्म के माहौल में “तोसे”, “नथनी”, “डगरिया”, “लोगवा” जैसे धरतीपकड़ शब्द मिठास घोलते हैं… गीत के बोल कुछ इस प्रकार से हैं –
खट-खुट करती, छम-छुम करती गाड़ी हमरी जाये फ़र-फ़र भागे सबसे आगे, कोई पकड़ ना पाये… (खट-खुट और छम-छुम जैसे “रीयल” शब्दों का सुन्दर उपयोग) ओ गाड़ी वाले गाड़ी धीरे हाँक रे… (2) जिया उड़ा जाये, लड़े आँख रे होय…(2)
(1) दिल खाये हिचकोले, गाड़ी ले चल हौले-हौले बिन्दिया मोरी गिर-गिर जाये, नथनी हाले-डोले हो, देख नजर ना लागे गोरी काहे मुखड़ा खोले हो नैनों वाली घूंघट से ना झाँक रे… गाड़ी वाले गाड़ी धीरे हाँक रे…।
बीच में थोड़ी चुहलबाजी – अररररर, मोरी लाल चुनरिया उड़ गई रे, मोरी कजरे की डिबिया गिर गई…
(2) हवा में उड़ गई मोरी चुनरिया, मिल गईं तोसे अँखियाँ बलमा मिल गई तोसे अँखिया… गोरा बदन मोरा थर-थर काँपे, धड़कन लागीं छतियाँ रामा धड़कन लागी छतियाँ… ओ, अलबेली बीच डगरिया ना कर ऐसी बतियाँ…2 हो सुने सब लोगवा, कटे नाक रे… हाय गाड़ी वाले गाड़ी धीरे हाँक रे…
खट-खुट करती, छम-छुम करती गाड़ी हमरी जाये फ़र-फ़र भागे सबसे आगे, कोई पकड़ ना पाये…
कुछ बातें इस फ़िल्म के बारे में… फ़िल्म मदर इंडिया उस जमाने की “ब्लॉक बस्टर” हिट थी, जिसने उस समय 4 करोड़ का व्यवसाय किया था, जिस रिकॉर्ड को बाद में मुगले-आजम ने तोड़ा। मदर इंडिया से नरगिस ने यह भी साबित किया कि वह राजकपूर की फ़िल्मों के बाहर भी “स्टार” हैं, वैसे यह भी एक संयोग ही है कि नरगिस को महबूब ने ही सबसे पहले फ़िल्म तकदीर (1943) में साइन किया था, लेकिन फ़िर काफ़ी समय तक नरगिस सिर्फ़ राजकपूर की फ़िल्मों में ही दिखाई दीं। एक तरह से देखा जाये तो यह फ़िल्म राजकुमार, सुनील दत्त और राजेन्द्र कुमार तीनों के लिये ही पहली बड़ी सफ़लता थी। शुरुआत में सुनील दत्त का रोल तत्कालीन हॉलीवुड में काम करने वाले एक भारतीय “साबू” करने वाले थे, लेकिन डेट्स की समस्या के कारण सुनील दत्त इस फ़िल्म में आये और एक दुर्घटना में आग से बचाकर अपने से बड़ी उम्र की नरगिस का दिल जीता और बाद में जीवनसाथी बनाया। महबूब को सम्मान के तौर पर, फ़िल्म काला बाजार में देव आनन्द फ़िल्म मदर इंडिया के ही टिकट ब्लैक करते दिखाये गये हैं। इस गीत को कभी भी सुना जाये, हमेशा यह सीधे गाँव में ले जाता है। जो मस्ती, भोलापन, अल्हड़पन और सादगी इस प्रकार के गीतों में है, वह आजकल देखने को नहीं मिलती, न अब वैसे गाँव रहे, न ही गाँव पर लिखने वाले प्रेमचन्द जैसे महान लेखक रहे, बदलते वक्त ने हमसे बहुत कुछ छीन लिया है… जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।
(अन्त में पाठकों के लिये एक पहेली – इस श्रृंखला के अगले तीन गीतों के बारे में अपना-अपना अंदाजा बतायें, मैं देखना चाहता हूँ कि मेरी पसन्द किस-किस से मिलती है, Hint के तौर पर यही थीम है – “मिट्टी की सौंधी खुशबू वाले मधुर गीत”)
नोट – “महफ़िल के सदस्य”, “यूनुस भाई”, “रेडियोनामा के सदस्य” और “संजय पटेल” जी इस पहेली प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकते… हाँ, इस गीत पर टिप्पणी अवश्य कर सकते हैं… =====